Saturday, November 21, 2026

बिल है कि मानता नहीं!


Comic style portrait of Monica
Lewinsky as she was those days



 
1973 की एक फिल्म थी, ' आविष्कार'. उसका एक सीन है जिसमें पति; राजेश खन्ना अपनी पत्नी; शर्मीला टैगोर के साथ ज्यादा ही रोमांटिक हो रहा है और पत्नी कहती है, " पहले कुछ खा लो, भूखे पेट तुमसे कोई काम ढंग से नहीं होता"! हालांकि ये सीन मुझे देखने के लगभग 10 साल बाद समझ में आया पर दशकों से ये मेरे दिमाग में छपा  हुआ है। इस सीन को सटीक तरीके से करना , जिसमें बेहूदा और सस्ता न लगे और पति पत्नी के बीच का रिश्ता खिलता भी दिखे....बड़ी बात है। मेरे नजदीक तो है! ये फिल्म राजेश खन्ना की थी पर छाप मुझपर हीरोइन की पड़ी। तो भाई शर्मीला टैगोर बड़ी अच्छी अभिनेत्री हैं! मुझे पसंद भी हैं।
 
अब जीवन की विडंबना देखिए, आदमी हर क्षेत्र में दक्ष हो, ये कभी होता ही नहीं! इनकी बड़ी पुत्री सबा ने अभी पीछे ही टाइगर पटौदी के  साथ शादी के वक़्त इनके मुसलमान बनने को उचित ठहराया है। हालांकि  इतने समय बाद इस सफ़ाई की कतई कोई जरूरत नहीं थी। गिल्टी कांशियस ; अपराध बोध  लगता है। सबा के अनुसार," वरना दादी नहीं मानती"! अरे भाई दादी को शादी करनी थी क्या जो वो मानती? नहीं तो न मानती! फिर 'दादी नहीं मानती' और 'दादी नहीं मान रही थी' में अंतर है। पर ये कहने से सारी कलई उतरने का डर है! पहला  बस अनुमान भर है;  दूसरा जरूरी तथ्य है। मरी दादी के नाम का बिल फाड़ दो! बस!
 
अरे भैया नवाबी शान ओ शौकत के लालच में शर्मिला को हर लानत मंज़ूर होना; शादी के लिए पटौदी द्वारा धर्मांतरण की शर्त वाला ब्लैकमेल ;  दुनिया के इस्लामीकरण के सपने..... ये बड़े संवेदनशील मुद्दे है! कलेजा चाहिए सच बोलने को!

कब बोलें , क्या बोलें, कब चुप रहें; ये शायद किसी को भी  ठीक से नहीं आता! दरअसल मैं भी बात कोई और करना चाहता था, देखो ये कहानी खुद ब खुद  बीच में घुस आई। बात ये थी कि आज जेनसन हुआंग की वजह से बिल क्लिंटन  बहुत याद आए! वही पुराने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति।
 
टाइटैनिक डूब रहा था , मौत के तांडव से हाहाकार मचा हुआ था; 73 प्रतिशत महिलाएं फिर भी बच गई! और मर्दों के बचने का प्रतिशत....... 19% ; बस इतना ही! क्यों कि जब मुश्किल वक़्त पड़ा तो पुरुषों  ने महिलाओं और बच्चों को लाइफ़बोट में अपने से पहले भेजा। इसे हार्ड वायरेड रिस्पांस कहा जाता है। लाखों सालों से पुरुष का रोल रक्षक का ही रहा है; चाहे जान पे ही क्यों न खेलना पड़ जाए। जैसे हर महिला में एक पालनहार छुपा होता है।  माँ है , तभी तक घर है। बाद का आपको पता ही है।  
 
कुछ अजीब बदलाव हो जाता है पुरुषों में, जब उनके हाथ  शक्ति हो!  वो रक्षक का रोल अमूमन कर ही नहीं पाते। बलिदानी से  शोषक कैसे बनते हैं,  ये पहेली मेरी समझ से परे है। एग्जिबिशन प्रोजेक्ट्स के दौरान मै कई बार अपने शहर से बाहर गया हूं। बहुत बार ऑफिस की महिलाएं भी साथ हुई है। बहुत बार उनको अपने कमरे में भी रखना पड़ा है। मज़ाल है जो कभी किसी ने असुरक्षित महसूस किया हो। ये तो मेरी ही बेइज़्ज़ती होती, क्योंकि मेरा स्टाफ मेरी जिम्मेदारी बनती थी। है  कि नहीं? मैं कोई महा मानव नहीं हूं ! आज सोचता हूं कि सही और गलत के बीच में कितनी बारीक लाइन थी और भटकना कितना आसान था। माैके ही मौके थे!
 
अच्छा हुआ, वरना आज एनवीडीया के  जेनसन हुआंग वाली लाइन में लगे होते। खरबपति बेवकूफ चीनी एजेंट के साथ जा फंसा।  अपनी वाइस प्रेसिडेंट किम्बर्ली पावेल के अलावा भी एक और बेनाम सहकर्मी के साथ की इसकी हरकत सामने आ चुकी  है। इसकी पत्नी ; जिसने  तबसे इसका साथ दिया जब वो सिर्फ  छोटा सा  चूं चूं का मुरब्बा था - उसको ही अपनी मौज मस्ती के लिए धोखा दे दिया !  वाह रे घोंचू!
 
इसकी चीनी प्रेमिका एलिस हुआंग  इंडस्ट्रियल जासूस थी ; वो भी  इसे बस धोखा ही दे रही थी। इस मूरख ने इतना भी नहीं सोचा कि  एक जवान खूबसूरत लड़की इस जैसे बुड्ढे में आखिर क्या देख रही है ? चमड़े की टाइट फिटिंग वाली काली जैकेट पहनने से भी उम्र उतनी ही रहती है जितनी हो ! या फिर सोच लिया था कि जो मलाई मिल रही है चाट लो , किसी को पता चला भी तो अपने दबदबे आगे कहां ठहरेगा! तो बर्बादी तो इसकी तय थी। अब अपनी ही कंपनी के बाहर बैठा है,और सबसे माफ़ी मांगता फिर रहा है! 
 
इसी लाइन में पहले से खड़ा है बिल क्लिंटन। मोनिका लेविंस्की के साथ व्हाइट हाउस में उनकी  काम कहानी याद ही होगी! कैसा भी कमाल  राष्ट्रपति के रूप में किया हो , इतिहास में  इन्हें सदा मस्तीखोरी के लिए जाना जाएगा।  इसकी शादी टूटते टूटते बची है। या यूं कहें कि बस  नाम की ही बची है। हर मर्द में एक बिल क्लिंटन रहता है। उसे नियंत्रण में रखना आसान है, पर अक्सर  लोग अनदेखा कर देते हैं और ये जिन्न बोतल से बाहर आ जाता है।। ऐमजॉन वाले लालाजी जेफ बोजोस  और माइक्रोसॉफ्ट वाले बिल गेट्स भी इसी अंधे कुएं में अपनी प्रतिष्ठा को अपने हाथों डूबा चुके हैं।
 
वैसे ताली एक हाथ से नहीं बजती। महिलाओं को पैसे, पद और पुरस्कार का लालच ले डूबता है। शक्तिशाली पुरुष; अमीर पुरुष; जो उनको अनियमित फायदा दे सके.... उम्र दराज़  हो, घर परिवार वाला हो; इधर उधर मुंह मारे; कमज़र्फ़ हो; दकियानूस हो .. कोई बात  नहीं जी! चलेगा! गाड़ी में घुमा फिरा शॉपिंग तो करा  रहा है !
 
लगभग सारा का सारा जीवन जी लिया है, तो तरह तरह का अनुभव हो चुका है। एक जमाने में मेरे बॉस ने भी अपने से 20 साल छोटी जूनियर महिला से अफेयर चलाया। महिला की भी  पूरी सहमति थी। या सहमति से भी अधिक थी अच्छी नौकरी के पक्की होने का लालच..... वो तो हुई नहीं फिर हुआ क्या? कुछ तलाक  हुए ; कुछ बच्चे सिंगल पेरेंट फैमिली वाले हुए ; कई काम के लोगो ने दफ्तर के घटिया माहौल के चलते नौकरी छोड़ी;  फिर कंपनी पर ताले पड़े..... वही सारी पुरानी दुखद बातें; हर बार जैसे होता वो हुआ ! महिला का नाम संजीवनी था.... ज़हर सा असर!
 
करें क्या, रोटी दिनों तरफ से जली हुई है?  रॉयल बैंक ऑफ कैनेडा; बड़ा पुराना और शानदार वित्तीय संस्थान है। मैं कई साल काम कर चुका हूं। सारे कायदे कानून  सख्ती से पालन किए जाते है। इन कानूनों को ठेंगा दिखाने का एक ताजा किस्सा अभी चल रहा है। लेकिन  इस कहानी की मुख्य भूमिका में महिला है। 
 
चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर का पद बहुत ऊंचा होता है। नदीन एन नामक महिला इसी पद पर थी। न केवल इस बैंक में बल्कि पूरी फाइनेंशियल इंडस्ट्री में इतना ऊपर कोई भी महिला उस से पहले नहीं पहुंची थी! मतलब  ये बेवकूफ बिल्कुल नहीं है, न ही उसे धन की कमी होगी। वेतन, बोनस, और शेयर  वगेरह डॉलर में! कई कई लाखों में होंगे। इन्हें केन मेसन नाम का अपना एक बहुत जूनियर पसंद आ गया। दोनों शादी शुदा थे। दस साल ये अफेयर चलता रहा। इस दौरान इन्होंने अपने प्रेमी के रस्ते से कुछ लोगों को नौकरी से निकाल कर हटाया  भी ताकि उसके वाइस प्रेसिडेंट बनने का मार्ग प्रशस्त हो सके। केन बना भी। उसकी खूब तरक्की करवाई गई और तन्खवाह वगैरह भी $10 लाख के आस पास पहुंचा दी गई।
 
सो किसी जले भुने ने एक दिन दोनों को  दफ्तर के  नजदीक एक सात सितारा होटल में चुम्मी चाटी करते देखा और  फौरन एच आर में फोन घुमा दिया। बस रायता फैल गया।  छान बीन में डिजिटल और फिजिकल प्रूफ जमीन से लेकर आसमान तक भर गये और दोनों को नौकरी से  बेआबरू करके निकाला गया। अब  बैंक  इनसे रिकवरी मांगता है और ये बेइज्ज़ती का मुआवजा! दोनों तरफ से कोर्ट में केस चल रहा है। ये  देवी जी अभी भी कहती हैं , "वी आर जस्ट फ्रेंड्स"!!
 
किस किस का नाम लें। फिल्मी दुनिया अफेयर और बिट्रेयल  के किस्सों से भरी पड़ी है। बिजनेस और  राजनीति कहीं पीछे नहीं । अभी उमर अब्दुल्ला का भी सुना जाता है कि उसके  पायल के साथ का प्रेम विवाह बर्बाद होंने में उसके निधि के साथ चले अफेयर का ही योगदान है।
 
ये तो हुई बड़े लोगो की बातें। आम लोगों में भी ऐसा होता रहता है। एक अपना और अनुभव भी बताऊँ ? अच्छा वो रहने दो। अब कोई और ही मतलब न निकले। मुझे वैसे ही लोग बुरा समझते हैं! फिर कोई फायदा नहीं। मैं नाम भी नहीं ले पाऊंगा। या समझो कि नहीं लूंगा! ऐसे  ही मान लो भाई, ऐसा आम लोगों में भी होता है!
 
एक बड़ी अमेरिकन कंपनी में काम के दौरान हमे मैनेजमेंट की ट्रेनिंग दी गई। इसका एक टॉपिक ऑफिस में सम्बन्धो पर भी था। लंबी ट्रेनिंग थी पर मतलब था कि "बाबू कायदे में रहोगे तो फायदे में रहोगे" । मेरा अपना अनुभव भी यही बताता है कि ऑफिस रोमांस कभी कभार सफल हो तो हो;  हां अफेयर हमेशा आपके मुंह पर कालिख मलवा के ही दम लेगा।  ऑफिस में एहतियात निहायत  ज़रूरी है। वैसे अफेयर और रोमांस के बीच का फर्क तो समझते हैं कि नहीं?
 
एक अन्य दफ्तर में ये  नियम था कि कोई काम पर ही किसी को अगर आम किस्म का भी डेट कर रहा हो तो  दो में से एक को को नौकरी छोड़नी ही पड़ेगी। दफ्तर में  प्रेमी  एक वक्त में रह  ही नहीं सकते।  मेरे सामने ही एक महिला को छोड़नी भी पड़ी। कुछ समय पश्चात  प्रेमी ने भी त्याग पत्र दे दिया!
 
इस सब के बारे में साइक्लॉजी को बहुत कुछ कहना है। क्या चलता है बिल और हुआंग जैसे पुरुषों के अंदर? तो इंस्टीट्यूट ऑफ फैमिली स्ट्डीज के एक अध्ययन की माने तो उच्च पद और पैसे वाले हर 5 में 1 पुरुष ने शादी के अलावा भी अपने संबंधों को माना है। कैट ग्रास्थ एक क्लीनिकल साइकॉलोजिस्ट हैं, वो मानती हैं कि बिजनेस, पॉलिटिक्स या टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में बहुत योग्य होना इस बात की गारंटी नहीं देता कि उनमें भावनात्मक बुद्धिमत्ता (emotional intelligence) भी है।
 
रिश्तों के सलाहकार ऐसे पुरुषों को गहन अकेलेपन से त्रस्त बताते हैं। उन्हें लगता है कि लोग उनकी  नहीं बल्कि उनके पद और प्रतिष्ठा की कद्र करते है। वो अपना मान्यकरण (validation) लगातार अफेयर में ढूंढते रहते हैं। "साइक्लोजिकल साइंस" की एक रिसर्च के अनुसार ऐसे पुरुष  की धारणा में वो खुद को बहुत आकर्षक समझते हैं। इसके अलावा अपनी पोजीशन के कारण उन्हें काम के दौरान "हाँ" सुनने की आदत पड़ जाती है। "न" उन्हें समझ नहीं आती। फिर उन्हें  बड़े जोखिम लेना ;  मुश्किल दाँव लगाना और नियम तोड़ना मरोड़ना रोज़मर्रा की आम सी बात लगती है। जितना बड़ा आदमी हो बेवफ़ाई की संभावना भी उतनी ही ज्यादा होती है! उसके पास मौके भी ज्यादा हैं और पहुंच भी बड़ी है !
 
महिलाएं कैसे और क्यों इस चक्रव्यूह में घुसती हैं जहां से बाहर आना टेढ़ी खीर है ?  कई कारण हैं। विकासवादी (evolutionary) थ्योरी के अनुसार उच्च सामाजिक प्रतिष्ठा; उच्च योग्यता और वित्तीय संसाधनों की उपलब्धता स्थायित्व और सुरक्षा की भावना जागृत करते हैं। ये महिलाओं के लिए बहुत मनमोहक है। एक शक्तिशाली पुरुष द्वारा चुना जाना  उनके अहम भाव (ego) और स्वीकृति (external validation) को भी आसमान में पहुंचा देता है।
 
अच्छा तो फिर पहले से ही पुरुष शादीशुदा हो तो? फिर एक थ्योरी.... "साथी चुनने में नकल" (Mate - choice copying).  मतलब कोई किसी को सिर्फ इसलिए पसंद आ रहा होता है क्योंकि किसी दूसरे ने उसको पहले ही पसंद कर रखा है! मतलब पार्टी में किसी की ड्रेस पसंद आने पर वैसी ही ड्रेस नहीं लाओ ; उसी की ड्रेस उतरवा लो !  दिमाग घूम गया न ? पर वो किस्से हम सब जानते ही हैं जहां कोई अपनी सहेली के ही पति को ले भागी!
 
फिर कई बार शादी शुदा मर्द से थोड़ा सतही रिश्ता भी रखा जा सकता है। काम निकलवाने वाला। कोई  जिम्मेदारी लेने या प्रतिबद्धता(commitment) की आवश्यता के बग़ैर। जहां भावनात्मक निकटता की कमी हो और  महिला की शैली अवॉइडेंट अटैचमेंट(avoidant attachment) की हो वहां वो अक्सर वो घनिष्ठ आत्मीयता (true intimacy) से बच कर रहना चाहती है। आम रिश्ते में तो बराबरी की जिम्मेदारी लेनी पड़ेगी; जो आत्मीयता मिल रही है वही वापस करनी पड़ेगी। रिश्ते को  ईंट  ईंट करके  घरौंदा जोड़ना पड़ेगा। बहुत झंझट है ! बने बनाए महल में मस्त मौज मस्ती और बेफिक्र गुलाबी रातों के लिए  शादी शुदा से अफेयर  सुविधाजनक लगता है। ठीक है?
 
बचपन के घाव(childhood wounds) छोटी उम्र में माता पिता और अन्य द्वारा भावनात्मक अनदेखी , उपेक्षा और  लगातार अस्वीकृत किये जाने  के अनुभव से बनते हैं। बाद में यही व्यक्ति के व्यवहार और रिश्तों पर बड़ा प्रभाव डालते हैं। कुछ विचारक मानते हैं कि एक प्रभावी और शक्तिशाली पुरुष बिम्ब (paternal figure) से सुरक्षा, स्वीकृति और स्नेह की दबी छुपी अभिलाषा अक्सर एक महिला को इस दलदल की ओर धकेलती हैं। अपने बॉस के साथ अफेयर के उदाहरण आसानी से मिल जाएंगे आपको। सब कुछ मै ही बताऊं?
 
कार्यक्षेत्र का भी एक  अलग माहौल रहता है। साथ साथ काम करने और उसके उतार चढ़ाव का सामना करने से पेशेवराना समीपता और भावनात्मक निकटता के बीच की गहरी लकीर दिखना बंद हो सकती है। एक बॉस द्वारा  मार्गदर्शन,  प्रशंसा और छत्रछाया प्रदान करने से कृतज्ञता और  पेशेवराना सम्मान बहुत आसानी से प्रेम आसक्ति में रूपांतरित हो सकता है। जो ऑफिस अफेयर में आम सी बात है।

नार्सिसिज्म और बाइपोलर डिसऑर्डर जैसी कुछ मानसिक स्थिति भी अफेयर के होने का एक कारक हो सकती हैं;  हालांकि अफेयर  मानसिक रोग नहीं माना जाता जिसे डायग्नोज किया जा सके या इसकी दवा दारू की जाए। ये बिहेवियरल चॉइस के अंतर्गत आता है। मतलब सवारी अपने सामान की खुद जिम्मेदार है; ड्राइवर और कंडक्टर  नहीं। एक बेडरूम से दूसरे; फिर दूसरे से तीसरे; फिर...... बंदरिया की तरह कूदोगे तो परिणाम की शिकायत कैसी?

क्लीनिकल साइक्लिजिस्ट वैसे इस बात को भी मानते हैं कि अपने वरिष्ठ अधिकारी के साथ संबंध स्थापित होना साफ़ तौर पर  किसी न किसी माने में शक्ति असंतुलन ही है। चाहे ये संबंध सहमति से ही हों। मान  लो आप व्हाइट हाउस में 22 साल  की इंटरन हैं और सामने है 49 साल का बॉस। दुनिया का सबसे शक्तिशाली आदमी; हर वक्त आप के साथ सोने को लालायित! क्या करोगे? 

बॉस के इशारों पे संस्थागत प्रभाव होता है। ये  घटक जूनियर के करियर, आजीविका और प्रतिष्ठा पर सदा हावी रहता है। इस कारण कई बार चाह के भी रिश्ता खत्म करना असंभव बन जाता है।  अफेयर हर  बार एक हारी हुई बाज़ी ही है; जानते हुए  भी लोग दावं लगा बैठते हैं!

जब जेनसन हुआंग की  भैंस पानी में पूरी गई तब उसे होश आया! यूं मोनिका लेविंस्की ने तो कब का बता दिया था कि जब तक  पूरा रायता फैल न जाए कोई नही रुकता;  क्योंकि........बिल है कि मानता नहीं !  












 

No comments:

Post a Comment

You are welcome to add a byte to our bark. You can agree, disagree, be critical, humorous or sarcastic. Add information or correct information. We do not have a copy editor so we'll not edit a single word of yours. We however have an in-house butcher who'll entirely cut away any abusive post. Come to think of it, most editors have the finesse of a butcher anyway!